झारखंड- बिना बायोमैट्रिक अब नहीं मिलेगा सैलरी, जारी हुआ सख्त आदेश, नियमित अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षक पर होगा एक्शन

Jharkhand: Salary will no longer be paid without biometrics; strict orders issued; action will be taken against teachers who fail to mark regular attendance.

Jharkhand Teacher News। शिक्षकों को अब समय पर स्कूल आना ही होगा। शिक्षकों के लिए अब बायोमैट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य कर दिया गया है। डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये निर्णय लिया गया। दरअसल कोडरमा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की बैठक हुई थी।

 

बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई

बैठक में जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और विद्यालयों में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, सिलेबस की प्रगति और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। डीसी ने सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमीट्रिक प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिक्षकों की उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज नहीं होगी, उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और सर्वे कार्य पर जोर

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता देने पर डीसी ने जोर दिया है। उपायुक्त ने संबंधित चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यालयों को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी बच्चों का सर्वे कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। तय समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

 

विद्यालयों में सुरक्षा और आधार कार्ड कार्य की समीक्षा

सभी आवासीय विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा प्रणाली और विद्युत ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा गया। बच्चों से संबंधित आधार कार्ड कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, जिन विद्यालयों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनकी सूची तैयार कर सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए गए।

 

जेल में साक्षरता केंद्र और शिक्षकों का प्रशिक्षण

बैठक में मंडल कारा कोडरमा में निरक्षर बंदियों के लिए साक्षरता केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए आकलन करने और कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विद्यालयों में निर्धारित समय सीमा में सिलेबस पूरा करें और लेशन प्लान के अनुसार कक्षाओं का संचालन करें।

 

डीसी ने निर्देश दिया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ अगले 10 दिनों में सभी पात्र बच्चों तक पहुंचाया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों में “स्वच्छता पखवाड़ा” के तहत गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने के आदेश दिए गए। बीआरपी और सीआरपी को विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

Related Articles

close