झारखंड में दिवाली के बाद धूम मचाएंगे 3 बड़े त्योहार: गोवर्धन पूजा, चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज, सोहराय उत्सव में डूबेगा पूरा राज्य!

Jharkhand will witness three major festivals after Diwali: Govardhan Puja, Chitragupta Puja and Bhai Dooj, with the entire state immersed in Sohrai celebrations!

रांची। दीपावली के बाद रांची और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सवों का सिलसिला जारी है। 23 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा, चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज तीनों पर्व धूमधाम से मनाए जाएंगे, जो भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं।

गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में की जाती है। इस दिन अन्नकूट का भोग लगाया जाता है और गाय-गोवंश की पूजा का विशेष महत्व होता है। पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 06:26 से 08:42 और शाम 15:29 से 17:44 तक रहेगा।

23 अक्टूबर को ही चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज भी मनाए जाएंगे। चित्रगुप्त पूजा न्याय और धर्मपालन के देवता भगवान चित्रगुप्त को समर्पित है, जिसमें कलम-दवात और लेखन साधनों की पूजा की जाती है। भाई दूज भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा के बंधन का पर्व है। पौराणिक मान्यता के अनुसार यमराज इसी दिन अपनी बहन यमुना से मिलने आए थे। बहन द्वारा भाई को तिलक लगाना और आरती उतारना शुभ माना जाता है।

दीवाली के बाद रांची और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सोहराई पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। मवेशियों को स्नान कर तेल और सिंदूर लगाया गया, पारंपरिक डिज़ाइन बनाए गए और उन्हें विशेष पकवान खिलाए गए।

बुधवार को हेहल जतरा मैदान में सोहराई जतरा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग भाग लेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री चमरा लिंडा और विधायक नवीन जायसवाल उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत कच्छप और महासचिव दिनेश उरांव इस कार्यक्रम का संचालन करेंगे।

Related Articles