झारखंड मौसम अपडेट: क्या आपके इलाके में भी होगी बारिश? Cold Wave का अलर्ट जारी, खेती से जुड़ी हर जानकारी यहाँ जानें
Jharkhand weather update: Will it rain in your area? Cold wave alert issued, learn all the farming information here.

झारखंड Weather Update के अनुसार दितवाह चक्रवात के असर खत्म होते ही राज्य भर में मौसम साफ हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड में तेजी आएगी। बुधवार से सुबह हल्का कोहरा छाने और शीतलहरी चलने की संभावना है। उत्तर भारत में जारी बर्फबारी का प्रभाव भी झारखंड के कई हिस्सों में महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 दिसंबर से फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उस समय आसमान में बादल बढ़ने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें खूंटी में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खूंटी ही राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.4°C दर्ज हुआ।
राज्य के अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट देखी गई। रांची में अधिकतम तापमान 24.6°C और न्यूनतम 12.7°C रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान 1.8°C बढ़ा, जबकि न्यूनतम में 0.7°C की कमी आई। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 10.5°C रहा, जहां न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बोकारो और चाईबासा में भी तापमान क्रमशः 1.5°C और 2°C तक गिरा। चाईबासा में दिन का सर्वाधिक तापमान 29.4°C रिकॉर्ड किया गया।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि जहां धान की फसल पक चुकी है, वहां तुरंत कटाई शुरू कर दें। खरीफ की फसल हटते ही खेतों को गेहूं की बुवाई के लिए तैयार करने की सलाह दी गई है, ताकि ठंड बढ़ने से पहले बोआई समय पर पूरी की जा सके।









