झारखंड मौसम अपडेट : दिवाली पर हल्की बारिश की संभावना…रांची में तापमान गिरावट, जानें आपके शहर का हाल
Jharkhand weather update: Light rain likely on Diwali... Temperature drops in Ranchi, know the condition of your city

रांची। झारखंड में दीपावली के दिन यानी 20 अक्टूबर को मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार—में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
शनिवार और रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्के बादल छाये रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। 21 से 23 अक्टूबर के बीच रांची समेत दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखने को मिलेगी। इसके बाद दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे छठ पर्व के बाद ठंड में बढ़ोतरी महसूस होगी। राजधानी रांची में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17°C और अधिकतम 29.4°C दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट देखी गई—जमशेदपुर 19.8°C, मेदिनीनगर 18.3°C, बोकारो 19.1°C और चाईबासा 21°C।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दीपावली के बाद से राज्य में सर्दी का असर बढ़ेगा और नवंबर के पहले सप्ताह तक ठंड का असर स्पष्ट तौर पर महसूस किया जाएगा। लोगों को सुबह के समय कोहरे और हल्की धुंध के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।