Jharkhand Weather Update: झारखंड में कई नदियां उफान पर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल

Jharkhand Weather Update: Many rivers in Jharkhand are in spate, Meteorological Department has issued an alert, know the condition of your district

Ranchi : झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 29, 30, 31 जुलाई और 1 अगस्त को राज्य के दक्षिणी, पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों में वज्रपात के साथ भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

घाटशिला में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 192.6 मिमी बारिश

राजधानी रांची में सोमवार को बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। रविवार को राज्य में सबसे अधिक बारिश देवघर में 10 मिमी दर्ज की गई, जबकि रांची और चाईबासा में 2-2 मिमी और मेदिनीनगर में 4 मिमी वर्षा हुई। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 192.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

 खरकई और स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान के ऊपर

भारी बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियाँ–खरकई और स्वर्णरेखा–खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। झारखंड में इस वर्ष मानसून अब तक सामान्य से काफी बेहतर रहा है। 1 जून 2025 से अब तक राज्य में कुल 717.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 455.9 मिमी है। यानी राज्य में अब तक औसत से 57% अधिक बारिश दर्ज की गई है।

पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 1134.6 मिमी, जबकि राजधानी रांची में अब तक 961.8 मिमी वर्षा हो चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से खुले में न निकलें और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Related Articles