झारखंड : लव मैरिज करने जा रहे प्रेमी को प्रेमिका के सामने ही लड़की वालों ने बेदम पीटा, फिर लड़की को अपने साथ लेकर हो गये गायब

जमशेदपुर। लव मैरिज करने आये युवक को उसकी प्रेमिका के सामने ही परिजनों ने कूट दिया। मामला जमशेदपुर का है, जहां बिष्टुपुर स्थित पुराने कोर्ट परिसर के रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर शादी करने आये जोड़े की पिटाई कर दी। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी की पिटाई कर दी और फिर प्रेमिका को जबरन साथ लेकर चले गये। घटना के बाद रजिस्ट्रार कार्यालय के पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सोनारी निर्मल नगर निवासी 19 वर्षीय संजना कर्मकार का सरायकेला चौक निवासी संजय मछुआ के साथ पिछले पांच साल से प्रेम संबंध है।
गुरुवार को दोनों शादी करने के लिए कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन तभी सूचना मिलने पर संजना के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और संजय की पिटाई कर दी. परिजन संजना को जबरदस्ती अपने साथ ले गये। जानकारी के मुताबिक संजय चौका का रहने वाला है और फिलहाल निर्मल नगर में रह रहा है। फेसबुक पर उसकी दोस्ती संजना से हुई। इधर प्रेम संबंध की जानकारी जब परिजनों को हुई, तो लड़की के परिजनों ने संजय की घर में घुसकर पिटाई कर दी। बावजूद दोनों का प्रेम संबंध चलता रहा।
इधर, 31 अक्टूबर को दोनों ने कोर्ट में शादी के लिए अर्जी दी। शादी की तारीख नवंबर में थी लेकिन किसी कारणवश शादी नहीं हो पाई। प्रेमी जोड़ा गुरुवार को शादी करने रजिस्ट्रार कार्यालय जा रहा था, इसी दौरान प्रेमिका संजना के परिजन आ गए और प्रेमी को पीटने लगे। लड़की को जबरदस्ती अपने साथ ले गये, जिससे रजिस्ट्री ऑफिस के पास अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।









