झारखंड : धनबाद के होटल में ‘सुसाइड मिस्ट्री…रामगढ़ के रवि ने क्यों उठाया ये आत्मघाती कदम? कुबेर होटल में मची अफरातफरी
Dhanbad hotel 'suicide mystery': Why did Ravi from Ramgarh take this extreme step? Chaos erupts at the Kuber Hotel.

धनबाद: धनबाद थाना क्षेत्र के लुबी सर्कुलर रोड स्थित कुबेर होटल में युवक बेहोशी में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवक की पहचान रवि कुमार (29 वर्ष) के रूप में की है, जो रामगढ़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में जहर खाने की आशंका जताई जा रही है।
होटल प्रबंधन के अनुसार रवि कुमार 12 फरवरी की शाम से कमरे नंबर 201 में ठहरे थे। 13 फरवरी की शाम चाय-नाश्ता देने के लिए जब दरवाजा खटखटाया गया तो उन्होंने प्रतिक्रिया नहीं दी। होटल स्टाफ को लगा कि वह कमरे से बाहर गए होंगे, लेकिन 14 फरवरी की सुबह भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। वहां रवि कुमार बेड पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से धनबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नाजुक देखते हुए उन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया।
होटल मालिक कुबेर सिंह ने बताया कि लगातार दरवाजा न खोलने पर पुलिस को सूचना दी गई और युवक को बेहोशी की हालत में पाया गया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
थाना प्रभारी मनोज पांडे ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस जहर सेवन की संभावना को लेकर जांच में जुटी है और मामले की गहराई में जाकर कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल रवि कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।









