हेमंत सोरेन के निर्देश पर एयरलिफ्ट किए गये मणिपुर हिंसा में फंसे झारखंड के छात्र, सकुशल पहुंचे रांची

मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा के बाद से मणिपुर में फंसे दूसरे राज्य को निकालने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद हिंसा में फंसे झारखंड के 21 छात्र-छात्राओं को एयरलिफ्ट कराया है। सभी छात्र शाम सात बजे तक राजधानी रांची पहुंचेंगे।
छात्रों को एयरलिफ्ट कराकर मंगलवार को प्लेन से पटना लाया गया। इनमें से 18 छात्र-छात्राओं को एसी बस से पटना से रांची लाया जा रहा है। तीन छात्र अपने अभिभावकों के साथ अपने घर लौट गए हैं। राज्य सरकार ने छात्र-छात्राओं को लाने के लिए अधिकारियों की टीम को पटना भेजा था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग ने सोमवार को ही इन सभी का टिकट कंफर्म कराया था। इससे पहले श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को मणिपुर में फंसे झारखंड के कुल 34 छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त हुई थे। ये सभी विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं।
नियंत्रण कक्ष के साथ साझा किए गए 34 विद्यार्थियों की सूची में से चार पहले ही नई दिल्ली लौट गए थे। 18 अन्य विद्यार्थी झारखंड वापस आना चाहते थे। सूचना के अनुसार ये सभी विद्यार्थी नेशनल इंस्टटीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी, संट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, नेशनल स्पोर्ट्स यनिवर्सिटी और आइआइटी, मणिपुर में पढ़ाई कर रहे थे। सभी विद्यार्थी पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद और रांची जिले के रहनेवाले हैं।









