झारखंड: राज्य सरकार इन्हें देगी बाइक-स्कूटी, सभी डीसी को भेजे पत्र के बाद क्रियान्वयन की तैयारी

Jharkhand News: झारखंड सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार पारंपरिक ग्राम प्रधानों, मानकी, मुंडा, डाकुआ, परगनैत, नायकी, पहाड़ा राजा आदि को दोपहिया वाहन उपलब्ध कराएगी। राज्य सरकार ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगर सबकुछ ठीक रहा, तो जल्द ही राज्य सरकार इस योजना को क्रियान्वित करेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में कुल 6986 ग्राम प्रधान, 2188 नायकी, 1482 डाकुआ, 1206 मुंडा, 194 परगनैत, 86 मानकी व 16 पड़ाहा राजा हैं। ऐसे में एक बार में ही सभी लोगों को वाहन देना संभव नहीं होगा। एक बार में एक हजार से लेकर 1100 लोगों को इसका लाभ मिल सकता है।

पिछले साल आदिवासी कल्याण आयुक्त ने सभी उपायुक्तों को पत्र भेजकर संबंधित लोगों का नाम-पता व संख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। चुनावी व्यस्तता व अन्य कार्यों से सूची नहीं भेजी जा सकी। ऐसे में जिला कल्याण पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को पत्र भेजकर सूची उपलब्ध कराने को कहा है।

पत्र के आलोक में पतना अंचलाधिकारी ने 136 तो राजमहल अंचलाधिकारी ने 19 ग्राम प्रधानों की सूची भेजी है। सदर सीओ ने बताया कि उनके यहां एक भी ग्राम प्रधान नहीं हैं।

सरकार का दावा है कि इससे उन्हें सरकारी कार्यों के निष्पादन में सुविधा होगी। दोपहिया वाहन मिल जाने से कार्यों का त्वरित निष्पादन होगा। ग्राम प्रधान राजस्व संग्रह का भी काम करते हैं ऐसे में राजस्व वसूली में भी तेजी आएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *