रांची । सीएम हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन में झारखंड खेल नीति 2022 का लोकार्पण किया। इस मौके पर राज्य के 13 खिलाड़ियों को सहायता राशि देकर सम्मानित भी किया गया। सीएम ने कहा कि जिस प्रकार खेल की दिशा में राज्य सरकार ने कदम बढ़ाया है निश्चित रूप से खेल के क्षेत्र में झारखंड देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

सहायता राशि प्रदान करते मुख्यमंत्री

5 वर्षों के लिए बनी नई खेल नीति

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से ही राज्य में खेल गतिविधियां तेजी से बढ़ी है। आने वाले 5 वर्षों के लिए हमने नई खेल नीति बनाई है जिसका लोकार्पण हुआ है। सरकार द्वारा बनाई गई यह खेल नीति राज्य के खिलाड़ियों , कोचों तथा प्रशिक्षकों के लिए समर्पित है। झारखंड के नौजवानों में खेल के प्रति रुचि जागरूकता और झुकाव को मैंने काफी करीब से समझने का काम किया है। यहां पर खिलाड़ियों को प्लेटफार्म उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य सरकार द्वारा बनाई गई नई स्पोर्ट्स पॉलिसी हमारे खिलाड़ियों को खेल की दिशा में आगे बढ़ने मे मदद करेगी।

खेल नीति का लोकार्पण करते झारखंड सरकार

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों ने झारखंड में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है तथा यहां के प्रशिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण भी लेने का काम किया है। झारखंड के बच्चे ने कई खेलों में राज्य ही नहीं बल्कि देश का प्रतिनिधित्व किया है, तथा पदक जीतकर विश्व में राज्य एवं देश का नाम रोशन किया है। यह बच्चे बहुत ही सीमित संसाधनों में अपनी तैयारी करते हैं। हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारे बच्चे सीमित संसाधनों से निकलकर देश में अपना स्थान पहले पायदान पर रखते हैं खिलाड़ियों की इसी जज्बे को और आगे ले जाने के लिए हमारी सरकार ने राज्य में नई खेल नीति लाने का काम किया है।

सहायता राशि देते मुख्यमंत्री

खिलाड़ियों को सहायता राशि न्यूनतम पचास हजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के हिसाब से पॉलिसी में समय-समय पर बदलाव की जाएगी। पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को इस संबंध में निर्देश भी दिया गया है कि आने वाले समय में खेल पॉलिसी में बदलाव लाकर खिलाड़ियों को सहायता राशि के रूप में न्यूनतम 50 हजार रुपए देने का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्र सीमा के बाद यहां के खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित हो सके, इसको लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।

ये खिलाड़ी हुए सम्मानित

इस मौके पर राज्य के 13 खिलाड़ियों को सहायता राशि देकर सम्मानित किया गया। सहायता राशि प्राप्त करने वाले हॉकी खिलाड़ियों में पंकज कुमार रजक, संगीता कुमारी, सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, आशा किरण बारला एवं ब्यूटी डुंगडुंग तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी सुप्रीति कच्छप, फ्लोरेंस बारला, विशाखा सिंह, रिया कुमारी, विधि रावल, अकाश यादव एवं हेमंत कुमार नाम शामिल थे। इसमें हॉकी खिलाड़ी के कुछ खिलाड़ी मौके पर उपस्थित नही हो सके। इन सभी की अनुपस्थिति में उनके परिजनों को सहयता राशि देकर सम्मानित किया गया।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...