झारखंड “लुटेरा दुल्हा”: दुल्हन से 5 करोड़ लूटकर लुटेरा दुल्हा हो गया फरार, दुल्हन तलाशते हुए पहुंची 1200 किलोमीटर दूर

Jharkhand "Lootera Dulha": Robber groom absconded after robbing 5 crores from the bride, the bride travelled 1200 kms in search of him

रांची। आमतौर पर लुटेरी दुल्हनों की कहानियां सुनी जाती हैं, लेकिन इस बार कहानी कुछ उलट है। झारखंड की सरोज लकड़ा खुद लुटी हुई दुल्हन बन गई है। प्यार, शादी और भरोसे के सपने संजोए सरोज ने राजस्थान के झुंझुनूं निवासी सुनील कुमार से कोर्ट और चर्च मैरिज की थी। लेकिन शादी के कुछ ही महीनों में पति न केवल उसे, बल्कि उसके पूरे परिवार को करोड़ों की चपत लगाकर फरार हो गया। अब ठग दुल्हा की तलाश में सरोज भटक रही है।

 

कोर्ट मैरिज से चर्च वेडिंग तक, फिर टूटा भरोसा

सरोज लकड़ा, जो झारखंड के गुमला जिले की रहने वाली है। सरोज बताती है कि उसकी मुलाकात सुनील से झारखंड में हुई थी। दोनों के बीच प्रेम हुआ और 17 मई 2023 को कोर्ट मैरिज तथा 28 दिसंबर को चर्च में पारंपरिक विवाह हुआ। शुरुआत में सब कुछ फिल्मी कहानी जैसा खूबसूरत लगा, लेकिन 5 अगस्त 2024 को सुनील अचानक ‘मैं अभी आता हूं’ कहकर निकला और फिर कभी लौटकर नहीं आया।

 

5 करोड़ की ठगी, गहने गिरवी, 8 लाख का लोन

सुनील के भागने के बाद सरोज को पता चला कि सुनील ने न सिर्फ उसके साथ, बल्कि उसके 70 से 80 रिश्तेदारों को भी अपने जाल में फंसा लिया था। ट्रेडिंग बिजनेस के नाम पर लगभग 5 करोड़ रुपये ठग लिए गए। यही नहीं, सरोज के नाम पर गहने गिरवी रखकर 8 लाख रुपये का लोन भी ले लिया गया।

 

एफआईआर के बाद भी पुलिस के हाथ खाली

सरोज ने झारखंड में एफआईआर दर्ज करवाई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस की टीम झुंझुनूं भी आई, मगर सुनील कुमार हाथ नहीं आया। अंततः थक-हारकर सरोज अपने 10-11 परिजनों के साथ झुंझुनूं एसपी कार्यालय पहुंची और एएसपी फूलचंद मीणा को ज्ञापन सौंपकर अपने पति की गिरफ्तारी और ठगे गए पैसों की वापसी की गुहार लगाई।

 

लव मैरिज ठग’ को कब पकड़ पाएगी पुलिस?

इस मामले ने सबको चौंका दिया है। आमतौर पर महिलाएं दहेज, घरेलू हिंसा या समाजिक प्रथाओं का शिकार होती हैं, लेकिन इस बार एक शिक्षित युवती और उसके परिवार को प्यार और शादी की आड़ में ठगा गया है। अब देखना ये है कि झुंझुनूं पुलिस इस ‘लव ठग’ को पकड़ पाती है या नहीं।

Related Articles