झारखंड नक्सल न्यूज: 15 से ज्यादा बड़ी वारदात करने वाला कुख्यात नक्सली गिरफ्तार, फूलचंद को जवानो ने घेराबंदी कर पकड़ा

झारखंड नक्सल न्यूज: नक्सल आपरेशंस के दौरान जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। जवानों ने धमधरवा गांव निवासी कुख्यात उग्रवादी फूलचंद किस्कू उर्फ राजू को पुलिस टीम ने धर-दबोचा है। उस पर हत्या, लूटपाट, अवैध वसूली, डकैती, विस्फोटक लगाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे 15 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लंबे समय से वह पुलिस के रडार पर था और इलाके में भय फैलाकर उग्रवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। लगभग दस वर्ष पूर्व फूलचंद को नक्सलियों ने खेती करने के लिए एक जोड़ा बैल देने का लालच देकर अपने संगठन में शामिल किया था। आर्थिक तंगी से जूझ रहे फूलचंद ने इसे बेहतर अवसर समझकर संगठन का हाथ थाम लिया।
विडंबना यह रही कि उसे वादा किया गया बैल कभी नहीं मिला, उल्टे वह उग्रवादी गतिविधियों में फँसता चला गया। इस दौरान जिन नक्सलियों ने उसे बहलाया-फुसलाया था, वे सभी पुलिस मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। नतीजतन फूलचंद न सामान्य जीवन में लौट सका और न ही संगठन में सम्मानजनक स्थिति हासिल कर पाया।
पुलिस टीम जब पहली बार उसके घर पहुंची, तो फूलचंद जंगल की ओर भाग निकला। घर पर उसकी बहू ही मिली। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि फूलचंद के उग्रवादी होने के कारण पूरा परिवार सामाजिक बहिष्कार झेल रहा है और किसी भी सरकारी योजना या लाभ का फायदा नहीं उठा पा रहा है। आर्थिक स्थिति दयनीय है और परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर हमेशा भयभीत रहता है।
पहली मुलाकात में पुलिस टीम ने परिवार को सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समझाया कि यदि फूलचंद आत्मसमर्पण कर दे, तो उसके परिवार को भी सहायता और संरक्षण मिल सकता है। हालांकि उस समय परिवार सहयोग के मूड में नहीं दिखा और पुलिस खाली हाथ लौट गई।
इसके बाद पुलिस ने पुनः रणनीति बनाई और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार निगरानी रखी। हाल ही में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने फूलचंद को धमधरवा गांव के निकट जंगल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री भी बरामद की गई है, जिनके आधार पर पुलिस आगे की जानकारी जुटा रही है।









