झारखंड: अबुआ आवास, मईंया सम्मान योजना सहित अन्य योजनाओं की मंत्री ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिये निर्देश
Jharkhand: Minister reviewed Abu Awas, Maanya Samman Yojana and other schemes, gave instructions to officials

Deepika Pandey Singh: कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अफसरों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के शत प्रतिशत क्रियान्वयन का भी निर्देश दिया। गिरिडीह में ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान मंत्री ने ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग की ओर से संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। योजनाओं में तय लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिये। मंत्री ने कहा कि प्राथमिकता के साथ ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग के तहत संचालित योजनाओं का समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित होना चाहिए।
मंत्री ने डीडीसी से सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरतने की बात कही। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने मनरेगा, अबुआ आवास योजना तथा मंईयां सम्मान योजना समेत कई योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। इसके अलावा 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम में लाभुकों की संख्या को लेकर सभी संबंधित प्रखंड को जरूरी निर्देश दिये गये. साथ ही मनरेगा और अबुआ आवास योजनाओं के लक्ष्य को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये गये।









