झारखंड: शहीद सुनील धान को मिली 2.66 करोड़ की सहायता राशि, मुख्यमंत्री ने सौंपा चेक, नक्सलियों की IED ब्लास्ट में हुए थे शहीद
Jharkhand: Martyr Sunil Dhan received assistance of Rs 2.66 crore, Chief Minister handed over the cheque, he was martyred in the IED blast of Naxalites

रांची। झारखंड के वीर सपूत और झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के शहीद आरक्षी सुनील धान की शहादत को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता सहित हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत 1.20 करोड़ रुपये का चेक सौंपा, साथ ही गृह विभाग की ओर से 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपये की राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। इस तरह कुल मिलाकर 2.66 करोड़ रुपये की सहायता राशि शहीद परिवार को प्रदान की गई।
शहीद सुनील धान की पत्नी गंदरी धान, माता फगनी उराइन, और दो मासूम पुत्रों प्रियांश (5 वर्ष) और अनिकेत (3 वर्ष) से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सहानुभूति पूर्वक बातचीत की और परिवार की परिस्थितियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा,
“राज्य सरकार आपके साथ है। सुनील धान ने राज्य की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत को झारखंड कभी नहीं भूलेगा।”
मुख्यमंत्री ने शहीद की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी का विकल्प भी दिया। इस पर गंदरी धान ने कहा कि बच्चे अभी छोटे हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बच्चों की अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2025 को चाईबासा जिले के छोटा नगर थाना क्षेत्र के राता माटी गांव में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अपने शहीदों का हमेशा ऋणी रहेगा और उनकी शहादत का मान बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शहीदों और उनके परिवारों का सम्मान सर्वोपरि है।