झारखंड : जेईई मेन में गड़बड़ी का बड़ा असर…राधा गोविंद यूनिवर्सिटी सेंटर रद्द, तीन आरोपी गिरफ्तार
Jharkhand: Major Fallout from JEE Main Irregularities—Radha Govind University Center Cancelled; Three Accused Arrested

रांची से जुड़ी बड़ी खबर में जेईई मेन परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। रामगढ़ स्थित राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब 2 से 8 अप्रैल तक होने वाली ऑनलाइन परीक्षा इस सेंटर पर आयोजित नहीं होगी।
अब इन केंद्रों पर देना होगा एग्जाम
इस फैसले के बाद परीक्षार्थियों को रांची के टुपुदाना सहित अन्य निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा देनी होगी। छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से नई जानकारी भेज दी गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
प्रशासनिक रिपोर्ट के आधार पर निर्णय
मामला सामने आने के बाद रामगढ़ उपायुक्त ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित एजेंसियों को भेजी थी। इसी के आधार पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विस ने यूनिवर्सिटी को ईमेल कर परीक्षा केंद्र रद्द करने की सूचना दी।
सिस्टम से छेड़छाड़ का केस दर्ज
घटना के बाद रामगढ़ थाना में कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ को लेकर मामला दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी फौजान अहमद को सौंपी गई है। साथ ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और संबंधित एजेंसियों से भी सहयोग मांगा गया है।
70 कंप्यूटर जब्त, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 कंप्यूटर सेट जब्त किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इनमें यूनिवर्सिटी कर्मचारी दिनेश कुमार महतो, टीसीएस से जुड़े सुरेश कुमार सिंह और साकिर शामिल हैं। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
यूनिवर्सिटी ने दी सफाई
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही उन्होंने खुद पुलिस और प्रशासन को सूचित किया था। उनका दावा है कि संस्था हमेशा पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करती रही है और इस मामले में भी पूरी तरह सहयोग किया जा रहा है।
एसपी की सीधी निगरानी में जांच
इस पूरे मामले की निगरानी एसपी अजय कुमार खुद कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने भी उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है, ताकि गड़बड़ी की पूरी सच्चाई सामने आ सके।









