झारखंड : खूंटी पुलिस का ‘करंट’ लगा देने वाला खुलासा…बीच आसमान से गायब हो रहे थे तार, 7 शातिर दबोचे गए…250 किलो माल बरामद
Jharkhand: Khunti police make shocking revelation...wires disappearing mid-air, 7 criminals arrested...250 kg of contraband recovered

झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। तोरपा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब 250 किलोग्राम हाईटेंशन बिजली तार, तार काटने की मशीन, एक पिकअप वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के रमजानी (33), बिहार के चांद मोहम्मद (25), खूंटी के इब्राहिम खान उर्फ इरफान (40), गुमला के शेख अप्पू (24), दिलकस खान उर्फ टेटे (20), मनीष लोहरा उर्फ शिशु (25) और बजरंग लोहरा उर्फ माटु (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से हाईटेंशन बिजली तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
पुलिस को 10 जून की रात गुप्त सूचना मिली थी कि तोरपा-खूंटी रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन में लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
मौके पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। उस समय कुछ लोग बिजली के खंभे से तार काटकर पिकअप वाहन पर लोड कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुए तार और उपकरण
पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ बंडल हाईटेंशन बिजली तार बरामद किए, जिनका कुल वजन करीब 250 किलोग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा तार काटने की मशीन, पिकअप वाहन (JH01AR-7335) और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।









