धनबाद। बेरोजगार युवकों के लिए अच्छी खबर है। धनबाद पशुपालन विभाग में टीकाकरण कर्मचारी बहाल किये जायेंगे। विभाग की तरफ से टीकाकरण का प्रशिक्षण दिया जायेगा। उसके बाद टीकाकरण कर्मचारी पशुओं का टीकाकरण करेंगे। पशुपालन विभाग धनबाद ने टीकाकरण कर्मचारियों केलिए सीधी बहाली निकाली है। विभाग की ओर से एक पशु को टीका लगाने पर संबंधित टीकाकरण कर्मी को 5.50 रुपए मिलेंगे। कर्मचारियों को प्रशिक्षण विभाग की ओर से दिया जाएगा, जिसमें टीकाकरण के तरीके और जानवरों की निगरानी करने की जानकारी मिलेगी।

जो जितना टीका लगाएंगे, उन्हें उतना मानदेय मिलेगा। लक्ष्य पूरा होने के बाद संबंधित कर्मी से करार खत्म हो जाएगा। कर्मियों को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। हालांकि, यह अस्थाई नौकरी नहीं है। जल्द बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। लगभग एक सौ युवक-युवती को रखा जाएगा। इच्छुक युवक-युवती धनबाद जिला पशुपालन विभाग में विस्तृत जानकारी ले सकते हैं। दरअसल, पशुपालन विभाग में कार्यरत अनुबंध कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इस वजह से विभाग की ओर से विभिन्न टीकाकरण का काम प्रभावित हो रहा है। हड़ताल को देखते हुए अब जिला पशुपालन विभाग की ओर से मानदेय पर कर्मचारी बहाली की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

धनबाद में कुल 3.85 लाख गाय, भैंस, बैल, बाछा और बाछी हैं। इन सभी पशुओं को खुरहा रोग से बचाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए टीकाकरण की योजना चलाई जा रही है। चयनित युवक-युवती को विभाग की ओर से निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके उपरांत विभाग की ओर से इन प्रशिक्षित कर्मियों को टीका उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद यह सभी कर्मी अपने अपने दिए क्षेत्र में जाकर पशुओं को टीका लगाएंगे। इसके लिए टैग भी दिया जाएगा। टीका लगाने के बाद संबंधित कर्मी को प्रति पशु 5.50 रुपए दिए जाएंगे।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...