झारखंड: “…इन जिलों को मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश बनाईये” निशिकांत दुबे की मांग पर झामुमो बोली, झारखंड का विभाजन करना चाहती है भाजपा

रांची। झारखंड में डेमोग्राफी चेंज का मुद्दा गरम है। विधानसभा से लेकर लोकसभा तक इसकी गूंज सुनायी दे रही है। चुनाव करीब है, लिहाजा भाजपा इस मुद्दे को किसी भी कीमत पर छोड़ना नहीं चाहती है। खुद भाजपा सांसद इस मुद्दे को लोकसभा में जोर शोर से उठा चुके हैं। लोकसभा में संथालपरगना का मुद्दा उठाते हुए गोड्डा सांसद ने कहा कि संथाल परगना में NRC लागू किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि संथालपरगना में तेजी से आदिवासियों की आबादी घटी है। 36 % से 26 % आदिवासी वर्ग की जनसंख्या प्रदेश में कम हो गई लेकिन मुख्यमंत्री जी को नज़र क्या आया ? तो वो था उनका सत्ता ।
एक जटिल रोग की तरह ये घुसपैठिये इन जिलों में कैंसर की तरह फैल रहें हैं । और इनका इलाज किया जाएगा । 2000 में झारखंड में 36% आदिवासी थे। आज झारखंड में 26% आदिवासी बचे हैं। बांग्लादेशी घुसपैठिए आदिवासी महिलाओं से शादी कर उन्हें मुसलमान बना रहे हैं। गांव के गांव मुस्लिम बाहुल्य होते जा रहे हैं। 25 सीटों पर मुस्लिम आबादी 123% तक बढ़ी है। मालदा, मुर्शिदाबाद, अररिया, साहिबगंज, किशनगंज, कटिहार को UT बनाइए नहीं तो हिंदू खाली हो जाएंगे। NRC लागू करिए, ममता बनर्जी की पुलिस और मालदा-मुर्शिदाबाद से लोग हमारे यहां आकर हिंदुओं को भगा रहे हैं।
सदन में चर्चा के दौरान सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा, “मेरे संसदीय क्षेत्र के मधुपुर विधानसभा में 267 बूथ पर मुसलमानों की आबादी 117 प्रतिशत बढ़ गयी. पूरे झारखंड में 25 विधानसभाओं क्षेत्र में मुस्लिम आबादी 110 से 123 प्रतिशत तक बढ़ी है. पाकुड़ में पिछले दिनों दंगा हुआ, क्योंकि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और मालदा से आये लोगों और बंगाल पुलिस ने पाकुड़ के इलाके में घुस कर हिंदुओं को भगाया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के गांव के गांव खाली हो रहे हैं. मैं ऑन रिकॉर्ड यह बात कह रहा हूं. एक भी बात गलत होगी, तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं. बंगाल से आये लोगों ने जुल्म किया और झारखंड पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इधर निशिकांत दुबे के लोकसभा में की गयी मांग पर झामुमो ने पलटवार किया है। झामुमो ने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है कि झारखंड का विभाजन करना चाहती है भाजपा। पर हम इनके नापाक इरादे कभी सफल नहीं होने देंगे। झारखंड एक था और एक ही रहेगा।