झारखंड: दादा…पापा…मां के बाद अब बेटी भी चुनाव मैदान में, सोरेन परिवार की पोती ने खरीदा नॉमिनेशन फार्म….

Jharkhand Election 2024 । झारखंड चुनाव में इस बार पति, पत्नी, भाई, बेटा, बहू का प्रत्याशियों में दबदबा दिख रहा है। अब परिवारिक परंपरा को बढ़ाते हुए एक और प्रत्याशी की दस्तक हो रही है। सोरेन परिवार से एक और प्रत्याशी झारखंड चुनाव में ताल ठोंकने को तैयार है। चर्चा है कि जामा के पूर्व विधायक स्व दुर्गा सोरेन और वर्तमान में जामताड़ा से बीजेपी की प्रत्याशी सीता सोरेन की बेटी जयश्री सोरेन चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

खबर है कि नामांकन के लिए नाजीर रसीद कटवाकर और पर्चा भी जयश्री ने खरीद लिया है। आज जयश्री पर्चा दाखिल कर सकती है। जयश्री सोरेन अपने माता-पिता की परंपरागत सीट जामा से चुनाव लड़ने की तैयारी में है। हालांकि पहले वो भाजपा से टिकट के लिए प्रयास कर रही थी, लेकिन जामा से भाजपा पुराने उम्मीदवार सुरेश मुर्मू को उम्मीदवार बना दिया है। ऐसे में जयश्री अब निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतरने का मन बना रही है।

आज जयश्री नॉमिनेशन कर सकती है। उन्होंने अपना पता जयश्री सोरेन, पिता स्व दुर्गा सोरेन, पता रेड क्रॉस के पास मोराबादी मैदान, थाना लालपुर, मोराबादी रांची लिखवाया है। आपको बता दें कि जामा सोरेन परिवार का गढ़ रहा है। इस सीट से अब तक 6 बार सोरेन परिवार के सदस्य ही चुनाव जीतते रहे हैं। पहली बार यहां से शिबू सोरेन 1985 में चुनाव जीता था।

उसके बाद 1995 और 2000 में दुर्गा सोरेन ने चुनाव जीता, उनकी मृत्यु के बाद पत्नी सीता सोरेन लगातार तीन बार विधायक रही। सीता सोरेन 2009, 2014 एवं 2019 में निर्वाचित हुई है। इस बार लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सीता सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था, तब वे भी सक्रिय रूप से बीजेपी में साथ-साथ रही। हालांकि जयश्री निर्दलीय प्रत्याशी बनती है तो भाजपा की चिंता जरूर बढ़ सकती है।

Related Articles

close