झारखंड : मंईयां सम्मान योजना की राशि के लिए पति ने की पत्नी की हत्या, जानिए कैसे हुआ खौफनाक वारदात”
"Husband kills wife for Maiyaan Samman Yojana money, find out how the horrific incident happened"

झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती में शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि “मंईयां सम्मान योजना” की राशि को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पति रुपेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पैसों के विवाद से बिगड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, रुपेश यादव ने पत्नी झालवा देवी से योजना की राशि मांगी थी, लेकिन उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर रुपेश ने धारदार हथियार से पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। घटना के समय घर में दोनों की 8 साल की बेटी भी मौजूद थी। बच्ची की चीख सुनकर दादा-दादी पहुंचे और उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की और फिर पुलिस को सूचना दी। थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रात करीब तीन बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पहले भी करता था हमला
मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। बेटी ने बताया कि पिता कोई काम नहीं करते थे और अक्सर मां से झगड़ा करते थे। शनिवार सुबह भी पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जो रात में हत्या की वजह बना। ग्रामीणों के मुताबिक, रुपेश का स्वभाव हिंसक था और वह पहले भी पत्नी और माता-पिता पर हमला कर चुका था। मृतका के चाचा हिरालाल गोप ने बताया कि करीब एक साल पहले भी उसने पत्नी पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद वह कुछ महीने मायके में रही थी और हाल ही में ससुराल लौटी थी।









