झारखंड : हजारीबाग वन भूमि घोटाला…कारोबारी की पत्नी स्निग्धा सिंह पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी वारंट की मांग

Hazaribagh forest land scam: ACB takes major action against businessman's wife Snigdha Singh, seeks arrest warrant

रांची: हजारीबाग की विवादित वन भूमि घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को एसीबी ने विशेष अदालत में आवेदन देकर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की है।

एसीबी की जांच में सामने आया है कि स्निग्धा सिंह ने हजारीबाग सदर अंचल के बभनवे मौजा स्थित सरकारी गैर-मजरुआ खास जंगल झाड़ भूमि को फर्जी तरीके से अपने नाम पर करवाया। आरोप है कि उन्होंने कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन का अवैध म्यूटेशन कराया।

ब्यूरो के मुताबिक, इस मामले में पूछताछ के लिए उन्हें तीन बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उन्होंने एक बार भी उपस्थित होकर बयान दर्ज नहीं कराया। एसीबी का कहना है कि स्निग्धा सिंह की भूमिका गंभीर है और उनसे पूछताछ जरूरी है। इसलिए अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की गई है।

गौरतलब है कि सोमवार को विशेष अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज कर दी थी। एसीबी का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

मामले से जुड़ी जमीन थाना नंबर 252, खाता नंबर 95, प्लॉट नंबर 1055, 1060, 848 और खाता नंबर 73, प्लॉट नंबर 812 पर दर्ज है, जिसका कुल रकबा करीब एक एकड़ (28 डिसमिल + 72 डिसमिल) बताया गया है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि यह जमीन राज्य सरकार की वन भूमि श्रेणी में आती है, जिसे निजी नाम पर ट्रांसफर करना कानूनन वर्जित है।

Related Articles

close