झारखंड : आधे घंटे की बारिश ने रांची को फिर डुबोया, नगर निगम की पोल खुली
Jharkhand: Half an hour of rain drowns Ranchi again, Municipal Corporation exposed

रांची में रविवार दोपहर अचानक तेज बारिश हुई और देखते ही देखते रांची में बारिश से जलजमाव की समस्या फिर सामने आ गई। करीब आधे घंटे की बारिश ने शहर की सड़कों को तालाब बना दिया और नगर निगम की सारी तैयारियों की पोल खोल दी। कोकर, हरमू, डोरंडा, अपर बाजार, लालपुर और हिंदपीढ़ी जैसे इलाकों में जलजमाव इतना गंभीर था कि कई घरों में गंदा नाली का पानी घुस गया, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर निगम और जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मानसून से पहले सभी प्रमुख नाले-नालियों की सफाई युद्धस्तर पर की जाए। उन्होंने जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी की बात भी कही थी ताकि इस बार रांची पानी में न डूबे। लेकिन रविवार की बारिश ने इन सभी दावों को बेनकाब कर दिया।
नगर निगम की ओर से सहायक प्रशासक निहारिका तिर्की ने दावा किया कि सफाईकर्मी बारिश के दौरान भी तैनात थे और अधिकांश नालों की सफाई कर दी गई है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कई जगह आउटलेट की तकनीकी दिक्कतें बनी हुई हैं, जिस पर काम चल रहा है।
लोगों का कहना है कि रांची नगर निगम की टीमें घटना के बाद ही सक्रिय होती हैं। उन्हें पहले से तैयारी रखनी चाहिए थी। हर साल की तरह इस बार भी रांची जलप्रलय का सामना कर रहा है, और जनता के धैर्य का बांध टूटता जा रहा है।