झारखंड- पूर्व मंत्री बाल-बाल बचे: गाड़ी का दो टायर जोरदार आवाज के साथ ब्लास्ट, गाड़ी बुरी तरह से हुई दुर्घटनाग्रस्त, फिर ग्रामीणों ने…
Jharkhand: Former minister narrowly escapes: Two tires of the vehicle explode with a loud noise, the vehicle crashes badly, then villagers...

हजारीबाग में एनटीपीसी के खिलाफ चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टायर फटने से हुए इस हादसे में योगेंद्र साहू समेत सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं, सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
________________________________________
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड स्थित जोरदाग गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। धरना स्थल के पास पूर्व मंत्री और बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साहू की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में योगेंद्र साहू सहित वाहन में सवार कुल सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची और सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना उस समय हुई जब योगेंद्र साहू धरना स्थल के आसपास मौजूद थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी के दो टायर एक साथ फट गए, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर बताया। दुर्घटना में गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
आपको बता दें कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू पिछले करीब एक महीने से केरेडारी प्रखंड के जोरदाग गांव में कोल खनन कंपनी एनटीपीसी के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। वे स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर जमीन अधिग्रहण, विस्थापन, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। धरना स्थल पर रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक जुट रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धरना के दौरान योगेंद्र साहू की प्रशासन और एनटीपीसी अधिकारियों के साथ कई बार तीखी बहस भी हो चुकी है। ऐसे में धरना स्थल के पास हुई इस दुर्घटना को लेकर कुछ देर के लिए तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि टायर फटने की वजह तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से ऐसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि योगेंद्र साहू झारखंड की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे बड़कागांव से विधायक रह चुके हैं और झारखंड सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे एनटीपीसी के खिलाफ चल रहे आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं और स्थानीय ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं।









