झारखंड : सरायकेला में भाजपा नेता के घर फायरिंग का खुलासा…तीन आरोपी गिरफ्तार

Firing at BJP Leader's House in Seraikela: Case Solved... Three Accused Arrested

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास के घर पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रंगदारी न मिलने पर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना 7 अप्रैल की सुबह करीब 6:55 बजे हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और गोलियां बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा, प्रेम कुमार सिंह उर्फ जॉनी उर्फ प्रेम बच्चा और राजू कुमार उर्फ राजू टकला शामिल हैं। इनके पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन में लोड चार जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है।

एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास की शिकायत पर आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विशेष टीम ने तकनीकी जांच से सुलझाया मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। प्रेम कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नालंदा का रहने वाला है, जबकि राजू कुमार नीमडीह क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल सालडीह बस्ती में रह रहा था।

तेज कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

छापेमारी दल में एसडीपीओ, आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले का खुलासा किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close