झारखंड में सहारा के निवेशकों का एक-एक पैसा वापस लौटेगा, गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले, हमारा वादा पत्थर की लकीर

Amit Shah : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (3 नवंबर) को सहारा के निवेशकों के लिए बड़ी घोषणा कर दी है। अमित शाह ने कहा है कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने पर सहारा के सभी वैध निवेशकों की पाई-पाई हम वापस कराएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार झारखंड को भ्रष्टाचार से मुक्त करवाएगी. झारखंड को समृद्ध प्रदेश बनाएगी। अमित शाह ने कहा कि हम ऐसा झारखंड बनाएंगे कि किसी को नौकरी करने के लिए अपने प्रदेश से बाहर नहीं जाना होगा।
गृहमंत्री ने कहा कि घुसपैठियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अब चैन की नींद लेना बंद कर दो, जमीन हड़पना बंद कर दो। झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी और हम कानून बनाकर झारखंड के भोले-भाले आदिवासियों को उनकी जमीन वापस कराएंगे। ऐसा कानून बनाएंगे कि उसे पिछली तारीख से लागू किया जाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (3 नवंर) को रांची के एक होटल में पार्टी का संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि इसमें लिखी गई एक-एक बात, भाजपा का एक-एक वादा पत्थर की लकीर है. हम इसे जरूर पूरा करेंगे।
झारखंड सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन सरकार ने पांच लाख युवाओं को प्रतिवर्ष नौकरी देने का वादा किया था। आज मैं आपसे हिसाब मांगने आया हूं, 25 लाख छोड़िए आप सिर्फ पांच लाख युवाओं की लिस्ट दे दीजिए। हेमंत सोरेन सरकार से झारखंड का युवा आक्रोशित है और आपको ढूंढ रहा है।”
शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “घुसपैठियों को आपने (हेमंत सोरेन) पनाह दी है। घुसपैठियों मेंं आपको अपना वोट बैंक दिखाई देता है। इस राज्य में घुसपैठियों की वजह से आदिवासियों की संख्या घट रही है, डेमोग्राफी बदल रही है और हेमंत सोरेन की सरकार अपनी धुन में मस्त है। मैं आपसे वादा करता हूं कि भाजपा सरकार आएगी, तो घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकालेगी। असम में भाजपा सरकार आई और आज असम में घुसपैठ बंद हो गई है।