रांची। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सिपाही (कॉन्स्टेबल/जीडी) पदों पर भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। 12 नवंबर से 27 नवंबर 2025 तक उम्मीदवारों के लिए दस्तावेज़ सत्यापन (DV), विस्तृत मेडिकल परीक्षा (DME) और पुनः मेडिकल निरीक्षण (RME) की प्रक्रिया CRPF Group Centre, सैम्बो, धुर्वा (रांची) में आयोजित की जाएगी।
ग्रुप सेंटर के डीआईजी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी उम्मीदवारों से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जागरूकता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि CRPF भर्ती 2025 रांची पूरी तरह नि:शुल्क है और इसमें किसी प्रकार की रकम या सिफारिश की आवश्यकता नहीं है।
डीआईजी ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति या एजेंट भर्ती दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है, तो यह स्पष्ट रूप से धोखाधड़ी है। अभ्यर्थियों को ऐसे मामलों की तुरंत जानकारी निकटतम थाना, भर्ती बोर्ड के अधिकारी या CRPF Group Centre के डीआईजी को देने की सलाह दी गई है।
उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे केवल CRPF की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन से ही जानकारी प्राप्त करें। किसी भी फर्जी एजेंट, वेबसाइट या सोशल मीडिया दावों पर भरोसा न करें।
यह भर्ती प्रक्रिया झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है और इसका उद्देश्य योग्य उम्मीदवारों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करना है। सीआरपीएफ ने दोहराया कि भर्ती की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और पूरी तरह नि:शुल्क है।