झारखंड- 7 की मौत : दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की गयी जान, मिट्टी धंसने से हुआ हादसा, चार लोगों की हालत गंभीर…
Jharkhand – 7 dead: 7 people died in a tragic accident, the accident occurred due to soil collapse, the condition of four people is critical…

निर्माणाधीन सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की साइट पर मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। बेसमेंट की खुदाई के दौरान दीवार ढहने से झारखंड के 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 मजदूर घायल हो गए। मृतकों में 6 झारखंड और एक राजस्थान का निवासी था। पुलिस ने मामले में प्रोजेक्ट मैनेजर और स्ट्रक्चर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं प्रशासन ने जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है।
________________________________________
रांची/गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में निर्माणाधीन सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में से 6 मजदूर झारखंड के रहने वाले थे, जबकि एक मजदूर राजस्थान का निवासी था।
इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार यह हादसा सोमवार शाम को उस समय हुआ जब श्रमिक बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पास की मिट्टी की दीवार भरभराकर ढह गई और वहां काम कर रहे कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
11 मजदूर दबे, कुछ भागकर बचाए गए
हादसे के समय बेसमेंट में करीब 11 मजदूर मौजूद थे, जो अचानक मिट्टी धंसने से दब गए। हालांकि कुछ मजदूर समय रहते वहां से भागने में सफल हो गए, जबकि कुछ को स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों की मदद से तुरंत बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं इस दुर्घटना में 7 मजदूरों की मौत हो गई।
पुलिस ने प्रोजेक्ट मैनेजर और इंजीनियर को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम की ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में हुए इस हादसे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश वीर और स्ट्रक्चर इंजीनियर विकास पांडे शामिल हैं।बताया जा रहा है कि मंगलवार को मृतक सुपरवाइजर के भाई की शिकायत पर पुलिस ने कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रही है।
कंपनी ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया
हादसे के बाद सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की ओर से भी बयान जारी किया गया है। कंपनी ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।कंपनी ने यह भी कहा कि वह मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
झारखंड के कई मजदूरों की गई जान
इस हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनमें झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर क्षेत्र के कई श्रमिक शामिल हैं। मृतकों में शिवशंकर, परमेश्वर महतो, मंगल महतो, भागीरथ गोपे, संजीव गोपे और धनंजय महतो झारखंड के निवासी थे, जबकि सतीश नामक मजदूर राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सोमवार रात सिधरावली क्षेत्र में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर हुआ। यहां पिछले कई दिनों से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था, जिसमें 25 से ज्यादा मजदूर लगे हुए थे।









