रांची। झारखंड के तीसरे और देश के छठे चरण के चुनाव को लेकर आज से अधिसूचना जारी होगी। जिन चार सीटों पर आज से नामांकन शुरू होगा, उसमें रांची, गिरिडीह, धनबाद और जमशेदपुर लोकसभा की सीट शामिल है। इन चारों सीट पर यूं तो एनडीए और इंडी गठबंधन के बीच ही है, लेकिन कुछ जगहों पर निर्दलीय भी पार्टी की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। चार सीटों पर नामांकन की अंतिम तिथि छह मई है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक सात मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा नौ मई तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। यहां 25 मई को मतदान होगा। इन चारों सीटों में सभी सामान्य सीटें हैं। इन सीटों पर तीन वर्तमान सांसदों तथा इतने ही विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी। रांची में संजय सेठ (भाजपा), गिरिडीह में चंद्रप्रकाश चौधरी (आजसू) तथा जमशेदपुर में विद्युत वरण महतो (भाजपा) नामांकन दाखिल करेंगे।

वहीं विधायकों की बात करें तो गिरिडीह में मथुरा महतो (झामुमो), धनबाद में ढुलू महतो (भाजपा) तथा जमशेदपुर में समीर मोहंती (झामुमो) चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पहली बार चुनाव लड़ रही दो महिला प्रत्याशी भी इस चरण मे शामिल हैं। रांची में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी यशस्विनी सहाय तथा धनबाद में विधायक अनूप कुमार सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह चुनाव मैदान में है। दोनों को कांग्रेस ने टिकट दिया है।

पहले चरण (देश का चौथा) की चार सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। यहां आज नामांकन वापस लिया जा सकेगा। इसके बाद पता चलेगा कि चारों सीटों में प्रत्येक पर कितने उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। बागी होकर नामांकन दाखिल करनेवाले विधायक चमरा लिंडा पर भी टिकी होंगी कि वे अपना नामांकन वापस लेते हैं या चुनाव मैदान में बने रहते हैं। झामुमो से टिकट नहीं मिलने पर चमरा ने लोहरदगा में निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।

झारखंड में दूसरे चरण (देश का पांचवां) की तीन सीटों चतरा, कोडरमा तथा हजारीबाग में आज से नामांकन तेज पकड़ेगा। बता दें कि अभी तक सिर्फ चतरा में दो नामांकन हुआ है। इन सीटों पर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तीन मई निर्धारित है। झारखंड में सभी की निगाहें वहीं, राजद से टिकट नहीं मिलने पर पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा ने पलामू में बसपा से पर्चा भरा है। हालांकि बैठा के नामांकन वापस लेने की कोई संभावना नहीं है। कुल मिलाकर इंडी प्रत्याशी को उन्ही के बागी प्रत्याशी चुनौती देते दिख रहे हैं।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...