Jamshedpur: विक्रम शर्मा मर्डर केस की साजिश जमशेदपुर में रची गई, दो आरोपी गिरफ्तार
Jamshedpur: Vikram Sharma murder case plot was hatched in Jamshedpur, two accused arrested

झारखंड के चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। अब लगभग यह साफ हो गया है कि हत्या की साजिश जमशेदपुर में रची गई थी। देहरादून पुलिस ने अब तक जमशेदपुर निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक को जमशेदपुर से और दूसरे को ग्रेटर नोएडा से पकड़ा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की योजना कई महीनों से बन रही थी। पहले जमशेदपुर और ग्रेटर नोएडा में कोशिश की गई, लेकिन जब वहां सफलता नहीं मिली तो देहरादून में वारदात को अंजाम देने का फैसला किया गया।
जिम में मेंबर बनकर रखी जा रही थी निगरानी
बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने देहरादून के उसी जिम में सदस्यता ली थी, जहां विक्रम शर्मा रोजाना जाया करता था। वह नियमित रूप से जिम पहुंचकर उसकी गतिविधियों और आने-जाने के समय पर नजर रख रहा था।
घटना वाले दिन भी वह जिम में मौजूद था और उसने फोन पर शूटरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही शूटर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
देहरादून में विक्रम शर्मा खुद को एक “सफेदपोश” व्यक्ति के रूप में पेश कर रहा था। स्थानीय लोग उसके आपराधिक इतिहास से अनजान थे। बताया जाता है कि वह राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, जमशेदपुर में ठेका-पट्टा के काम से उसका जुड़ाव बना हुआ था, जिसे हत्या की एक संभावित वजह माना जा रहा है।
पहले भी हो चुकी थी गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2017 में जमशेदपुर पुलिस ने विक्रम शर्मा को देहरादून से गिरफ्तार किया था। वह 2021 तक जेल में रहा और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था।
“फूल प्रूफ” थी भागने की तैयारी
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद शूटरों के फरार होने की पूरी तैयारी पहले से की गई थी। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी जमशेदपुर से उपलब्ध कराई गई थी और पैसे भी वहीं से भेजे गए थे।
घटना के बाद शूटर हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने किराए की बाइक और स्कूटी लौटाई। इसके बाद वे एक स्कॉर्पियो में सवार होकर नोएडा के लिए रवाना हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
जांच के कई एंगल खुले
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कई एंगल से कर रही है। हालांकि, धीरे-धीरे साजिश के पीछे के संभावित कारण सामने आने लगे हैं।









