गंदा हैं पर धंधा है ये : अवैध कोयला कारोबारी के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग, भगदड़ में कई घायल

हजारीबाग । कोयले के अवैध कारोबार में हिंसा तो आम है, जिसे न तो प्रशासन रोक पाती है न इस कारोबार में जुटे कारोबारी। ताजा घटना बोकारो-हजारीबाग जिला के सीमा पर बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी स्थित झंडी जंगल में कोयला के अवैध कारोबारियों के बीच बकाया रुपयों की मांग को लेकर हुए विवाद में दो राउंड गोली चली। घटना शनिवार रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे की है. गोली चलने के बाद हुई भगदड़ में पेंक नारायणपुर थाना अंतर्गत कंजकिरो निवासी आधा दर्जन लोग घायल हो गये। एक व्यक्ति को दाएं पैर एवं हाथ में गंभीर चोट लगी है। घायल व्यक्ति का इलाज डीवीसी बोकारो थर्मल हॉस्पिटल में किया जा रहा है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
घटना की सूचना बिष्णुगढ़ थाना को दी गयी. कोयला के अवैध कारोबारियों को पुलिस ने जब फोन किया तो सभी बंधक बनाए कारोबारी को छोड़ा गया. घटना की सूचना मिलने पर कंजकिरो से काफी संख्या में लोग झंडी पहुंचे तब तक सभी कारोबारी वहां से भाग गए. इस संबंध में बिष्णुगढ़ इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए कहा कि मारपीट की घटना घटी है। फिलहाल विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या है मामला
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कंजकिरो निवासी कुछ लोग कोयला की बकाया राशि की मांग को लेकर झंडी पहुंचे जो पहले से इनके धंधे में काम करते थे।झंडी में मौजूद कोयला के अवैध कारोबारियों ने उनपर फायरिंग कर दी और तलवार एवं हॉकी स्टीक से हमला कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। बाद में सभी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।









