इंडी गठबंधन के विधायक आज रांची में जुटेंगे, सुबह 10 बजे कांग्रेस विधायकों व 11 बजे इंडी गठबंधन के विधायकों की बैठक

Indi alliance MLAs will gather in Ranchi today, meeting of Congress MLAs at 10 am and Indi alliance MLAs at 11 am.

Jharkhand Election Result 2024 LIVE: झारखंड के रांची में आज इंडिया एलायंस के विधायक दल की बैठक होगी। कांग्रेस ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। सुबह 10 बजे कांग्रेस के जीते हुए विधायकों की बैठक होगी। 11 बजे I.N.D.I.A गठबंधन के सभी विधायकों की बैठक होगी। बैठक में सरकार के गठन और सरकार बनाने का दावा पेश करने का फैसला लिया जाएगा।

 

81 सीटों में झामुमो गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत दर्ज की है। यह आंकड़ा 41 के बहुमत से 15 सीट ज्यादा है।भाजपा गठबंधन ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की है यानी बहुमत के आंकड़े से 13 सीट कम। हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव में I.N.D.I.A. ब्लॉक का परफॉर्मेंस अच्छा रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक झामुमो को 34, भाजपा को 24, कांग्रेस को 16, राजद को 4, भाकपा माले को 2, आजसू को 1 और लोजपा को 1 सीटें मिली है।

 

झारखंड में झामुमो गठबंधन की जीत के पीछे कई फैक्टर रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा फैक्टर मंईयां सम्मान योजना और कल्पना सोरेन रहीं हैं। इसके अलावा JMM ने टिकट बांटने में सावधानी बरती और अपने क्षेत्र में फोकस नेताओं को तरजीह दी। साथ ही विपक्ष को उसके घुसपैठ के मुद्दे में ही फंसा दिया।

 

रुझानों में बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इसके बाद झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा- पहले भी जब हमारी सरकार पर संकट आया था, तब हमने कहा था कि हम पूरे विश्वास के साथ सरकार बनाएंगे। हम एक बार फिर पूरे विश्वास के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।]

 

कांग्रेस पर्यवेक्षक तारिक अनवर ने कहा- यह अच्छा है, हम इसकी उम्मीद कर रहे थे। हमारी सरकार ने अच्छा काम किया और समाज के हर वर्ग, खासकर महिलाओं के लिए काम किया। इसलिए, हमें जीत की उम्मीद थी, सफलता हासिल करने की।रांची की सड़कों पर अब पोस्टर लग रहे हैं। सबके दिलों पर छा गया, शेरदिल सोरेन फिर आ गया। हेमंत सोरेन झारखंड के पहले ऐसे मुख्यमंत्री होंगे जो लगातार दूसरा चुनाव जीतकर CM की कुर्सी संभालेंगे।

Related Articles