झारखंड : रांची में मुखिया के बेटे ने सौतेली मां की हत्या कर फेंका शव, थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण…जानिए क्या है पूरा मामला

Jharkhand: Ranchi chief's son murders stepmother, dumps body, surrenders at police station... find out the full story

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया पंचायत में मुखिया फूलमनी देवी के बेटे शुभम कच्छप (22) ने अपनी सौतेली मां शशि तिर्की उर्फ सोनम (32) की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को बेड़ो थाना क्षेत्र के खतरी खटंगा गांव के जंगल में फेंक दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह शुभम खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया और फॉरच्यूनर वाहन भी जब्त कर लिया।

पारिवारिक विवाद से उपजा हत्या का मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका सोनम, सिमलिया पंचायत की मुखिया फूलमनी देवी की सौतन थी। सोनम मूल रूप से इटकी के कुरगी सेमरा गांव की रहने वाली थी। वह फूलमनी देवी के पति संजय उरांव के संपर्क में आई और दोनों ने कोर्ट मैरेज कर ली थी। शादी के बाद दोनों कुछ समय किराए के मकान में रहे और उनकी एक छह महीने की बेटी भी है। तीन दिन पहले ही संजय अपनी दूसरी पत्नी सोनम को घर लेकर आए थे।

घटना की रात संजय घर पर मौजूद नहीं था। उसी दौरान शुभम अपनी सौतेली मां के कमरे में गया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गाड़ी में रखकर जंगल में फेंक दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और गुस्सा हत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। यह घटना इलाके में सनसनी फैला चुकी है और प्रशासन मामले की हर कोण से जांच कर रहा है।

Related Articles