झारखंड : रांची में नाबालिग के साथ यौन शोषण का आरोप…मुंहबोले फूफा पर लगा गंभीर आरोप, दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई
Accusation of sexual abuse of a minor in Ranchi... Serious allegation on step uncle, Delhi Police took action

रांची: अरगोड़ा इलाके में रहने वाली एक 13 वर्षीय नाबालिग ने अपने मुंहबोले बुआ और फूफा पर यौन शोषण और शारीरिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए इसे रांची के अरगोड़ा थाने को स्थानांतरित कर दिया है.
नाबालिग की शिकायत और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने साउथ दिल्ली थाने में अपने रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. चूंकि घटनास्थल रांची का अरगोड़ा थाना क्षेत्र है और आरोपी भी यहीं रहते हैं, इसलिए दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को रांची पुलिस को सौंप दिया. अरगोड़ा थाना प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद ने बताया कि जीरो एफआईआर के आधार पर रांची पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है.
पीड़िता ने बताया पढ़ाई के बहाने बुलाया, फिर हुआ शोषण
नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से झारखंड के लातेहार की रहने वाली है. साल 2022 में उसके माता-पिता ने उसे पढ़ाई के लिए रांची में रहने वाले मुंहबोले बुआ और फूफा के पास भेजा था. रांची पहुंचने के बाद, आरोपियों ने उसका स्कूल में दाखिला तो कराया, लेकिन मात्र एक सप्ताह बाद ही उसे घर के सारे काम करने के लिए मजबूर किया जाने लगा. काम न करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.
नाबालिग ने यह भी आरोप लगाया कि उसके मुंहबोले फूफा ने 2022 से फरवरी 2025 तक उसके साथ लगातार यौन शोषण किया. चुप रहने के लिए उसे 50 हजार रुपये भी दिए गए. मार्च 2025 में पीड़िता अपने मौसा-मौसी के पास दिल्ली पहुंची और उन्हें अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद साउथ दिल्ली थाने में एफआईआर दर्ज की गई.
जांच में जुटी रांची पुलिस
अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी है बड़ा अधिकारी
नाबालिग ने जिस व्यक्ति पर यौन शोषण का आरोप लगाया है, वह रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में रहता है और केंद्र सरकार के एक कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर कार्यरत है. इस गंभीर मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है.









