झारखंड: “मेडिकल कॉलेज में भाजपा ने बना लिया था आफिस” इरफान अंसारी भड़के, बोले, स्वास्थ्य के क्षेत्र में राजनीति नहीं करने देंगे

झारखंड: हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्रशासन ने संजीवनी सेवा कुटीर को हटा दिया है। इस सेवा कुटीर को भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने जनवरी में अपने जन्मदिन पर स्थापित किया था। जिला प्रशासन ने कुछ दिन पहले विधायक को जमीन अतिक्रमण का नोटिस जारी किया था।

स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने इस कुटीर को भाजपा का कार्यालय बताया था। कुटीर पर गंजेड़ी और नशेड़ियों के जमावड़े का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा कि इस वजह से डॉक्टर और नर्स रात में ड्यूटी करने से कतराते हैं। इधर सेवा कुटीर को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा है।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि भाजपा के लोंगो ने सरकारी अस्पताल परिसर में एक पार्टी विशेष का दफ्तर खोल कर राजनीति का अड्डा बना दिया था। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और विधायक कानून को ताक पर रख करके अपनी मर्जी से अस्पताल चलाना चाहते थे, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की जान से खिलवाड़ कतई स्वीकार्य नहीं है।

इरफान अंसारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में तथाकथित भाजपा कार्यालय को हटाना जरूरी था। सरकारी संपत्ति पर विधायक ने अतिक्रमण कर, संजीवनी कुटीर के जरिए भारतीय जनता पार्टी हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में राजनीति कर रही थी। भाजपा के कार्यकर्ता नशा कर रहे थे जिससे वहां की शांति व्यवस्था भंग हो रही थी। डॉक्टर, नर्स, मरीज और उनके परिजन रात में दहशत के माहौल में रहने को मजबूर थे।

मत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में राजनीति करने का अधिकार किसी को भी नहीं है। कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य के क्षेत्र में राजनीति करेगा तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकारी अस्पताल परिसर में संजीवनी कुटीर बनाना अतिक्रमण है और इसके खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। इसके लिए हजारीबाग जिला प्रशासन को मैं बधाई देता हूँ, कि उन्होंने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जिले की जनता को भय मुक्त किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संजीवनी कुटीर की आड़ में भाजपा के लोग अस्पताल में इलाज कराने आए लोगो को डरा, धमका और बरगला करके निजी अस्पताल में इलाज को भेजने और कमीशनखोरी का कार्य कर रहते थे लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से अब असमाजिक तत्त्वों की उद्दंडता पर अंकुश लगा है। सरकारी व्यवस्था को बदनाम करने और सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास करने वालों को हर बार करारा जवाब मिलेगा।

Related Articles