IMD का भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट! इन राज्यों में मूसलाधार बारिश से हालात होंगे बदतर…

नई दिल्ली: मॉनसून ने इस बार भी देश के कई हिस्सों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बाधित कर दिया है, वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में भी अब आपदा की आशंका जताई जा रही है।

दिल्ली में बारिश का दौर जारी

दिल्ली में पिछले कई दिनों से बारिश का सिलसिला टूट नहीं रहा। रविवार को भी घने काले बादलों ने आसमान को ढक लिया था और कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राजधानी में आगामी एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। तापमान अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में तबाही का खतरा

हिमाचल प्रदेश के औट तहसील में अचानक आई भारी बारिश और फ्लैश फ्लड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। किन्नौर में भूस्खलन के कारण दो पर्यटकों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है और कई जगह मलबा सड़कें बंद कर रहा है। मनाली और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है, जिससे भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में खतरा

मौसम विभाग ने यूपी और बिहार समेत पड़ोसी राज्यों में तूफानी हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले 5 दिनों में यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

दक्षिण और पश्चिमी भारत भी बारिश की चपेट में

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी 18-19 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और रायलसीमा में भी तेज बारिश होने के आसार हैं। इन इलाकों में भी तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा।

पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी जारी बारिश

ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल समेत अंडमान-निकोबार में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। खासतौर पर अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अगस्त को भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट है।

 मौसम विभाग की चेतावनी:

बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन, जलभराव और यातायात बाधित हो सकता है। सभी राज्यों के नागरिकों और प्रशासन से आग्रह है कि वे सावधानी बरतें और आवश्यक सतर्कता रखें।

Related Articles