झारखंड : लातेहार में दिल दहला देने वाली वारदात…पति ने पत्नी और मासूम बेटे की की हत्या, इलाके में सनसनी
A heart wrenching incident in Latehar...Husband kills wife and innocent son, creates sensation in the area

लातेहार जिले में डबल मर्डर हुआ है। छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और एक तीन वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मोहनलाल उरांव फरार हो गया। पुलिस उसे ढूंढ रही है। मृतकों की पहचान सोनामणि देवी (30) और उसके तीन वर्षीय बेटे सूरज उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोहनलाल उरांव का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
बड़े बेटे पर भी हमला करने का किया प्रयास
आरोपी ने अपने पांच वर्षीय बड़े बेटे सागर उरांव पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन बच्चे के मासूम शब्दों ने उसकी जान बचा ली। सागर ने रोते हुए अपने पिता से कहा, स्कूल में मास्टर साहब बताते हैं कि बच्चों को नहीं मारना चाहिए, मुझे मत मारो। यह सुनकर आरोपी उसे वहां छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना की पुलिस पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इधर, स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहनलाल और सोनामणि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। 5 साल पहले से ही दोनों एक साथ रहते आ रहे थे। एक साल पहले दोनों ने शादी की थी।शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद इतना घातक रूप ले लेगा। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा छा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









