सोता रहा होमगार्ड जवान: चोरी हो गई राइफल और गोली, पुलिस महकमे में हड़कंप

खगड़िया: बिहार के खगड़िया में पुलिस की राइफल चोरी होने का बड़ा मामला सामने आया है। दरअसल अलौली अंचल में तैनात होमगार्ड जवान जब रात में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने जवानों की तीन राइफल और 90 गोली चोरी कर ली। जब पुलिस जवानों की आंख खुली और राइफल गायब देखा तो महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अंचल कार्यालय के चार होमगार्ड जवान नरेंद्र सिंह, जोगी सिंह शशि भूषण गुप्ता और वकील सिंह अपने रूम में सोये हुए थे, इसी दौरान सुबह में पता चला की चार राइफल में से तीन राइफल चोरी हो गया है।
उधर चोरी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ ने अलौली अंचल कार्यालय पहुंचकर होमगार्ड के जवानों से पूछताछ की. अंचल कार्यालय में जो सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, उसमें भी छेड़छाड़ की गई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिरकार चार होमगार्ड का राइफल था, उसमें एक होमगार्ड जवान का राइफल और गोली छोड़कर तीन का ही क्यों चोरी हुआ. अब ये पुलिस की जांच में ही खुलासा हो पाएगा, लेकिन फिलहाल पुलिस के लिए राइफल और गोली को बरामद करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल राइफल और गोली बरामदगी को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।









