हेमंत सोरेन ने दिया दावत-ए-इफ्तार, मंत्री-विधायक सहित कई खास मेहमान हुए शामिल, मुख्यमंत्री ने दिया सौहार्द और एकता का संदेश

रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवास पर दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रमज़ान को भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया।

 

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया। इस मौके पर विभिन्न धर्मों, समुदायों और वर्गों के गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए।मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पवित्र रमज़ान माह की मुबारकबाद दी और इसे आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

रमज़ान देता है सेवा और त्याग का संदेश
हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि रमज़ान का पाक महीना त्याग, तपस्या, करुणा और मानव सेवा की भावना को मजबूत करता है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सद्भाव बनाए रखने की सीख देता है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और राज्य में आपसी सौहार्द को और मजबूत बनाते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

सामूहिक दुआ में शामिल हुए अतिथि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं। सभी आमंत्रित अतिथियों ने मिलकर सामूहिक दुआ में हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य की प्रगति, शांति और भाईचारे के लिए प्रार्थना की गई।

रोजेदारों ने नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन कायम रहने की कामना की। माहौल पूरी तरह से धार्मिक आस्था और आपसी सद्भाव से सराबोर रहा।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इनमें राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजूल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close