मोका से बांग्लादेश और म्यांमार में हुई भारी बर्बादी, तेज बारिश के साथ 250 किमी रफ्तार से चल रही आंधी, कई इलाके मे बाढ़ के हालात

चक्रवाती तूफान मोका बांग्लादेश और म्यांमार के तटवर्ती इलाकों में भारी नुकसान कर रहा है। गंभीर किस्म के इस समुद्री तूफान के प्रभाव से दोनों देशों के तटवर्ती इलाकों में तेज बारिश हो रही है और सब कुछ हिला-उखाड़ देने वाली तेज हवा चल रही है। कहीं-कहीं पर हवा की गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा तक है। तूफान और भारी बारिश के चलते बांग्लादेश और म्यांमार को बांटने वाली नाफ नदी में कई स्थानों पर बड़ा भूकटाव हुआ है।
बांग्लादेश के मौसम विभाग ने कहा है कि भूकटाव पर हमारी नजर है और उसके चलते पानी के आबादी और कृषि वाले क्षेत्रों में आने पर नजर रखी जा रही है। यह तूफान पांचवीं श्रेणी का है, इस लिहाज से यह बेहद गंभीर है।
काक्स बाजार में 200 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा रफ्तार से हवा चल रही है और तेज बारिश हो रही है। इससे वहां लगे रोहिंग्या मुसलमानों के शरणार्थी शिविरों को भारी नुकसान का खतरा पैदा हो गया है। काक्स बाजार टेकनाफ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
बांग्लादेश के इस सीमावर्ती इलाके और म्यांमार के बीच नाफ नदी बहती है। टेकनाफ के प्रशासनिक प्रमुख मुहम्मद कमरजमां के मुताबिक मौसम भय पैदा कर रहा है। बारिश के साथ चल रही बहुत तेज हवा विनाश कर रही है। नाफ नदी से पानी की ऊंची लहरों का उठना रविवार करीब 11 बजे से शुरू हो गया था, इसके पूरे दिन जारी रहने की आशंका है।
पानी की ये लहरें आठ से बारह फीट ऊंचाई वाली हैं। इससे नदी का पानी किनारे के निचले इलाकों में भर गया है। काक्स बाजार, फेनी, नोआखाली, लक्ष्मणपुर, चांदपुर और भोला इलाके के गांवों में चार मीटर तक गहरा पानी भरने की सूचना है।









