Heat Wave Warning: झारखंड-बिहार समेत देश भर में इस बार गर्मी लोगों की मुसीबत बढ़ाने वाली है। IMD ने इस साल मार्च से लेकर मई 2024 तक गर्मी के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। बताया गया है कि देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, मार्च से मई तक लू के दिनों में बढ़ोतरी होने का भी अनुमान है।

भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी कि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, मध्य और प्रायद्वीपीय के कुछ अलग-अलग क्षेत्रों को छोड़कर, भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से ज्यादा अधिकतम तापमान रहने की संभावना है. इसके अलावा भारत के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने देश के अधिकांश हिस्सों विशेषकर झारखंड, बिहार राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में हीटवेव वाले दिनों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मार्च से मई की अवधि के दौरान आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्से में भयंकर गर्मी पड़ने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल पूरे भारत में सामान्य से अधिक वर्षा की आशंका भी जताई गई है। अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक सामान्य वर्षा की उम्मीद है, जबकि दक्षिण प्रायद्वीप के चरम दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर और चरम उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में स्थितियां ज्यादा खराब होने की उम्मीद है। इसके अलावा पूर्वोत्तर प्रायद्वीपीय भारत, महाराष्ट्र के कई इलाकों और ओडिशा के कुछ हिस्सों व आस-पास के क्षेत्रों में लू के दिनों में बढ़ोत्तरी की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में मार्च के शुरुआती दिनों के लिए गंभीर बारिश, तूफान, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...