झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत, 91 नए CHO और 126 डॉक्टरों की नियुक्ति से बेहतर होगी चिकित्सा सुविधा, मंत्री इरफान अंसारी ने जताई उम्मीद
Health services in Jharkhand will get new strength, medical facilities will improve with the appointment of 91 new CHOs and 126 doctors, Minister Irfan Ansari expressed hope

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अन्सारी ने मंगलवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित भव्य समारोह में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र दिया. इस अवसर पर मंत्री इरफ़ान ने कहा कि आपके सामने चुनौतियां आएँगी लेकिन डरना नहीं है. मैंने नौकरी दी है तो आपकी हिफाजत भी मैं ही करूंगा.उन्होंने कहा कि पदभार संभालने के बाद से लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की कोशिश जारी है.
किडनी ट्रांसप्लांट की मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बोकारो दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन नहीं होने से कितनी आर्थिक और मानसिक पीड़ा उठानी पड़ती है. यह बात उनके दिल पर जाकर लग गई. उन्होंने तुरंत फैसला किया कि अब सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन अनिवार्य रूप से लगायी जाएगी.
मंत्री ने कहा कि राज्य में ही किडनी ट्रांसप्लांट की मिलेगी सुविधा
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में 2100 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल बनने वाला है.अब किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों और किडनी ट्रांसप्लांट के लिए झारखंड के लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने मेडिको सिटी और छह नए मेडिकल कॉलेजों को समय पर पूरा करने का भी भरोसा दिलाया.
उन्होंने कहा कि उनके सभी संकल्प आने वाले 1-2 वर्षों में नतीजे के रूप में सामने होंगे.
स्वास्थ्य सूचकांक पर राष्ट्रीय स्तर पर बनाया रिकॉर्ड
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है. सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य ने बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, झारखंड मेडिकल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अबु इमरान, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ सिद्धार्थ सान्याल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे.









