गुमला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ₹1.30 लाख के जाली नोटों के साथ तीन गिरफ्तार
Jharkhand: Gumla police got a big success, three arrested with fake notes worth ₹ 1.30 lakh

गुमला: झारखंड के गुमला जिले में जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक सफेद रंग की अर्टिगा कार (JH01EE 0585) से ₹1.30 लाख के जाली नोटों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गुमला को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के बाद चैनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित हुआ। रायडीह थाना गेट पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को भागने की कोशिश करते हुए पुलिस ने पकड़ लिया।
कार में सवार तीनों युवक – सुधन राम यादव, गोस्वामी चौहान और दिलीप कुमार, सभी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के निवासी निकले। कार की तलाशी में एक काले रंग का बैग मिला, जिसमें ₹500 के 260 जाली नोट (कुल ₹1,30,000) बरामद हुए। इसके अलावा, ₹2,500 के असली नोट भी मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन नकली नोटों को भीड़-भाड़ वाले बाजारों में असली नोटों के साथ मिलाकर खपाते थे। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही जाली नोट और मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं।