बिहार में महागठबंधन की सरकार, एग्जिट पोल के नतीजे होंगे गलत…जानिए मृत्युंजय तिवारी का दावा
Grand alliance government in Bihar, exit poll results will be wrong... Know Mrityunjay Tiwari's claim

बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों से बीजेपी उत्साहित है, वहीं विपक्ष ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि कई चुनावों में एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं, इस चुनाव में भी ऐसा होगा।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बुधवार को कहा कि बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट किया है और अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी।
नीतीश कुमार की विदाई तय
बिहार चुनाव में मतदान संपन्न होने के बाद कई एग्जिट पोल में एनडीए सरकार की वापसी का अनुमान जताया गया है। आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि इस एग्जिट पोल को भी हम सिरे से खारिज करते हैं। यह गलत साबित होगा। ऐसा किसके इशारे पर दिखाया जाता है, यह भी सब जानते हैं। महागठबंधन की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है और महागठबंधन 200 के पार जा रहा है। 14 नवंबर को असली परिणाम आएगा। बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव और महागठबंधन के पक्ष में वोट दिया है। नीतीश कुमार की विदाई तय है और महागठबंधन की जीत पक्की है।
उन्होंने कहा कि जनता ने तेजस्वी यादव के राजतिलक की तैयारी कर दी है। इस बार महागठबंधन की सरकार ही बनेगी।
दिल्ली ब्लास्ट पर पर मृत्युंजय तिवारी की राय
दिल्ली ब्लास्ट पर आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि सरकार और जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ब्लास्ट किस कारण हुआ, किसकी लापरवाही या चूक हुई, यह घटना कैसे हुई, ब्लास्ट कैसे हुआ और कौन लोग जिम्मेदार हैं। जांच में यह सब सामने आना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
कहां चूक हुई, यह भी स्पष्ट होना चाहिए। मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि दिल्ली और केंद्र में बीजेपी की सरकार है। इस तरह की घटना के पीछे कौन लोग हैं, इसका जल्द खुलासा होना चाहिए।
14 नवंबर को परिणाम
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरण में 243 सीटों पर मतदान कराए गए। एग्जिट पोल में एनडीए की वापसी का अनुमान है। हालांकि यह बस अनुमान है। इसे परिणाम नहीं माना जा सकता है। विपक्ष भी इस थ्योरी के साथ चल रहा है। विपक्ष का मानना है कि एग्जिट पोल के रुझान 14 नवंबर को परिणाम में तब्दील नहीं होंगे, बल्कि परिणाम सभी को चौंकाएंगे और सरकार महागठबंधन की बनेगी।









