झारखंडवासियों के लिए अच्छी खबर: हेमंत सरकार आपके लिए बनवा रही है टाउनशिप, रांची, धनबाद, बोकारो सहित इन जिलों में बनेंगे सस्ते घर
Good news for the people of Jharkhand: Hemant government is building township for you, cheap houses will be built in these districts including Ranchi, Dhanbad, Bokaro

रांची। झारखंड में आपका घर खरीदने का सपना जल्द पूरा होने वाला है। सरकार आपके शहर में सर्वसुविधायुक्त टाउनशिप बसाने जा रही है। राज्य आवास बोर्ड की योजना के तहत झारखंड के आठ प्रमुख शहरों में स्मार्ट टाउनशिप बसाने की तैयारी की जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को किफायती, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराना है।
इस संबंध में अलग-अलग शहरों में जमीन का चिन्हांकन भी शुरू हो गया है। धनबाद, बोकारो, रांची सहित झारखंड के 8 शहरों में ये टाउनशिप बनने जा रहा है। नगर विकास विभाग की इस पहल को राज्य सरकार की नई शहरीकरण नीति के तहत विकसित किया जा रहा है।
प्रस्तावित टाउनशिप को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वह आसपास के शहरों पर आबादी और संसाधनों का दबाव कम कर सके, साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर जीवनशैली प्रदान कर सके।
इन टाउनशिपों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। हर टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, ग्रीन एरिया, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, खेल का मैदान और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मौजूद रहेगी। डिजिटाइज्ड इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
झारखंड राज्य आवास बोर्ड द्वारा जिन शहरों में टाउनशिप की योजना बनाई गई है, वे हैं:
• बोकारो (चास नगर निगम क्षेत्र) – 500 एकड़
• धनबाद नगर निगम – 500 एकड़
• रांची नगर निगम – 500 एकड़
• जमशेदपुर नगर निगम – 500 एकड़
• हजारीबाग नगर निगम – 300 एकड़
• देवघर नगर निगम – 200 एकड़
• चाईबासा नगर परिषद – 100 एकड़
• लोहरदगा नगर परिषद – 100 एकड़
इस परियोजना को सफल बनाने के लिए राज्य के नगर विकास सचिव सुनील कुमार ने सभी संबंधित जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर भूमि चिह्नित करने और प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। जमीन का चयन सरकारी भूखंडों से किया जाएगा, लेकिन जरूरत पड़ने पर अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि इन योजनाओं के माध्यम से कम से कम एक लाख आवास बनाए जाएं। इनमें LIG, MIG और HIG (निम्न, मध्यम और उच्च आय वर्ग) के लिए मकानों का निर्माण किया जाएगा।वर्तमान में रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे बड़े शहरों पर अत्यधिक जनसंख्या का दबाव है। टाउनशिप परियोजना से उम्मीद की जा रही है कि राज्य के हर जिले में एक व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक शहरी ढांचा तैयार हो सकेगा।