रांची में गैस पाइपलाइन लीकेज की घटना: नाली निर्माण कार्य के दौरान फटा पाइप, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
Jharkhand: Gas pipeline leakage incident in Ranchi... Pipe burst during drain construction work, chaos in the area

रांची के निवारणपुर इलाके में फ्लाईओवर के नीचे मरम्मत कार्य के दौरान गेल इंडिया की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार्य एलएंडटी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। पाइपलाइन फटते ही तीव्र गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
गैस रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत आसपास के घरों और दुकानों को खाली करवा लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए दमकल विभाग की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं, हालांकि गेल इंडिया की तकनीकी टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद टीम ने गैस पाइपलाइन को बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस की तेज़ गंध के कारण सांस लेना भी मुश्किल हो गया था,
जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही, एलएंडटी और गेल के अधिकारियों से जवाब-तलब की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी चल रही है।









