रामायण से हनुमान तक… 2026 में टकराएंगी आस्था की 7 बड़ी फिल्में! कौन बनेगा बॉक्स ऑफिस का असली भगवान?

मेगा बजट, बड़े सितारे और पौराणिक कहानियों का महाक्लैश, इस साल सिनेमा में दिखेगा धर्म और ड्रामा का सबसे बड़ा मुकाबला

साल 2026 सिनेमा की दुनिया में कुछ ऐसा लेकर आ रहा है, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी। एक तरफ मेगा बजट और बड़े सितारों से सजी फिल्में, तो दूसरी तरफ आस्था, पौराणिक कथाएं और धार्मिक भावनाओं का जबरदस्त संगम—यानी इस साल बॉक्स ऑफिस पर होने जा रहा है एक बड़ा “मायथोलॉजी क्लैश”।

सबसे ज्यादा चर्चा में है रामायण, जिसे इस साल की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। दिवाली 2026 पर रिलीज़ होने वाली इस फिल्म से रिकॉर्ड तोड़ कमाई की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं, जय हनुमान भी सुर्खियों में है, जिसमें ऋषभ शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हनु-मैन की सफलता के बाद यह फिल्म दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही है।

इसी बीच वाल्मीकि रामायण भी 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज़ के लिए तैयार है, जो रामायण के मूल ग्रंथ पर आधारित होने का दावा कर रही है। ऐसे में एक ही कहानी पर आधारित दो बड़ी फिल्मों की टक्कर दिलचस्प होने वाली है।

पौराणिक रहस्यों और खजानों की कहानी लेकर आ रही नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेज़र 2 जुलाई को रिलीज़ होगी, जो एक्शन और एडवेंचर का तड़का भी लगाएगी।

आध्यात्मिक दुनिया से जुड़ी श्री बाबा नीम करोली महाराज 23 अप्रैल को रिलीज़ होगी, जिसमें संत नीम करोली बाबा के जीवन को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। इसी कड़ी में हनुमान अंश भी जून में रिलीज़ होने की तैयारी में है।

सबसे अलग और चौंकाने वाली फिल्म है चिरंजीवी हनुमान, जिसे AI तकनीक से तैयार किया जा रहा है। यह फिल्म तकनीक और आस्था के अनोखे मेल का उदाहरण बन सकती है।

अब सवाल यह है कि इतने बड़े बजट, सितारों और धार्मिक भावनाओं के बीच कौन सी फिल्म दर्शकों के दिल पर राज करेगी? क्या रामायण सब पर भारी पड़ेगी या कोई और फिल्म बाजी मार ले जाएगी?

2026 का यह महाक्लैश सिर्फ फिल्मों का मुकाबला नहीं, बल्कि आस्था, तकनीक और मनोरंजन के बीच एक बड़ी जंग साबित होने वाला है, जिस पर हर किसी की नजर टिकी हुई है।

Related Articles

close