दोस्ती हुई खून से लाल! मजाक में शुरू हुआ विवाद बना मौत की वजह, मोबाइल ने ले ली युवक की जान

नशे में हैवान बने दोस्त, सिर पर पत्थर मारकर उतारा मौत के घाट

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने दोस्ती जैसे रिश्ते को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां मामूली मजाक और मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में जानलेवा बन गया। दोस्तों के साथ शराब पी रहे एक युवक को उसी के दोस्तों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

यह सनसनीखेज हत्या अक्कलकोट रोड स्थित समाधान नगर इलाके में सोमवार देर रात करीब 1 बजे हुई। वारदात वंडरलैंड सिटी के पास राज बीयर शॉप के पीछे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय शेकुंबर महबूब नदाफ, निवासी समाधान नगर, सोलापुर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, शेकुंबर नदाफ अपने दोस्तों श्रीकृष्ण देशमुख और मल्लीनाथ माशाले के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान मजाक-मजाक में मोबाइल फोन के लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई। शुरू में यह विवाद हल्का-फुल्का लगा, लेकिन कुछ ही पलों में हालात बेकाबू हो गए और बात हिंसा तक पहुंच गई।

सिर पर पत्थर पड़ते ही थम गई सांसें

गुस्से में मल्लीनाथ माशाले ने पहले शेकुंबर को थप्पड़ मारा, वहीं श्रीकृष्ण देशमुख ने गाली-गलौज करते हुए पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और सीधे शेकुंबर के सिर पर दे मारा। पत्थर लगते ही शेकुंबर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक कुछ ही देर में उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

इस मामले में मृतक की पत्नी सायरा मेहबूब शेख की शिकायत पर पुलिस ने श्रीकृष्ण देशमुख और मल्लीनाथ माशाले (दोनों निवासी समाधान नगर, अक्कलकोट रोड, सोलापुर) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मामूली मजाक से शुरू हुआ यह झगड़ा कैसे खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया, यह सवाल अब हर किसी के मन में है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और सच सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close