पूर्व सांसद कड़िया मुंडा मेडिका में भर्ती: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल जाकर लिया हालचाल 

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद कड़िया मुंडा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत खूंटी से रांची के मेडिका मणिपाल अस्पताल लाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है और उन्हें आईसीयू से सामान्य कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया है।

 

जानकारी के मुताबिक कड़िया मुंडा को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिवार की ओर से जब डॉक्टरों को बुलाया गया, तो उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों की सलाह पर तुरंत उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया।

 

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया गया अस्पताल

पूर्व सांसद को मेडिका मणिपाल अस्पताल तक तेजी से पहुंचाने के लिए खूंटी और रांची पुलिस ने संयुक्त रूप से ग्रीन कॉरिडोर बनाया। इस विशेष व्यवस्था के तहत एंबुलेंस को बिना किसी ट्रैफिक रुकावट के मात्र 30 मिनट में खूंटी से रांची पहुंचाया गया। ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे ताकि एंबुलेंस को रास्ते में कहीं रुकना न पड़े।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार दोपहर मेडिका अस्पताल पहुंचे और कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कौन हैं कड़िया मुंडा?

कड़िया मुंडा झारखंड के सबसे वरिष्ठ आदिवासी नेता माने जाते हैं। वे झारखंड के खूंटी लोकसभा क्षेत्र से कई बार सांसद रहे हैं और लोकसभा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। लंबे समय तक उन्होंने भाजपा के संगठन और संसदीय कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई है।

झारखंड की राजनीति में उनका स्वच्छ छवि और संतुलित नेतृत्व के लिए विशेष सम्मान है।

Related Articles