‘भूत-प्रेत भगाने का बहाना’ बना दहशत का जाल!फेमस पुजारी ने झाड़-फूंक के नाम पर की लड़की के साथ दरिंदगी
कोल्लम में ज्योतिषी का काला सच सामने आया, POCSO एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज

केरल के कोल्लम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य में आक्रोश मचा दिया है। यहां भूत-प्रेत भगाने के बहाने एक 52 वर्षीय पुजारी ने झाड़-फूंक कर रही लड़की के साथ रेप किया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
आरोपी की पहचान राजन बाबू उर्फ मुरारी तंत्री के रूप में हुई है, जो पुथुर क्षेत्र के वेंधर गांव का निवासी है। वह खुद को ज्योतिषी बताता था और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय था। फेसबुक पेज ‘मुरारी ज्योतिषालयम’ के जरिए उसने राज्यभर में अपनी लोकप्रियता बनाई और लोगों से हजारों से लेकर लाखों रुपये वसूलता था।
झाड़-फूंक के नाम पर रची गई साजिश
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में उसी इलाके की एक मां अपनी बेटी को लेकर राजन बाबू के पास गई। महिला ने बताया कि उसकी बेटी पर भूत-प्रेत का साया है और उसे झाड़-फूंक की जरूरत है।
राजन बाबू ने पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाएं शुरू कीं और लड़की की मां से कहा कि वह कुछ देर बाहर इंतजार करे। इस दौरान उसने लड़की के साथ अकेले रहकर विशेष अनुष्ठान का बहाना बनाकर उसे रेप किया। कुछ देर बाद लड़की बाहर आई और मां को पूरी घटना बताई।
पुलिस की कार्रवाई और विरोध प्रदर्शन
मां ने तुरंत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और राजन बाबू के घर के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। आरोपी डर के कारण एक हॉस्टल में छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
राजन बाबू के खिलाफ रेप और POCSO एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पृष्ठभूमि और जांच
कुलकड़ पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आर. राजेश ने बताया कि राजन बाबू पहले ऑटो चालक था और बाद में उसने एक वरिष्ठ ज्योतिषी से ज्योतिष सीखी। इससे पहले वह मुरारी नाम से जाना जाता था।
पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं और लोग भी उसके शिकार तो नहीं हुए हैं।









