अंडरवर्ल्ड में नए नाम की एंट्री! सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप, परिवार को दी गई खुली धमकी
Lawrence Bishnoi के वकील पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाला गैंग आया सामने

अंडरवर्ल्ड की दुनिया में एक नए गैंग की एंट्री ने सनसनी फैला दी है। राजधानी दिल्ली में बीती रात कुख्यात गैंगस्टर Lawrence Bishnoi की लीगल टीम से जुड़े वकील पर हुए जानलेवा हमले के बाद अब एक अनजान गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जिम्मेदारी ली है। इस पोस्ट के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि खुद को राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर गैंग बताने वाले लोगों ने खुलेआम लिखा — “ये हमने ही करवाया है।” पोस्ट में वकील दीपक खत्री को लॉरेंस का करीबी बताते हुए उस पर “मुखबिरी” और “दलाली” के आरोप लगाए गए हैं।
पोस्ट में खुली धमकी – “परिवार को भुगतनी पड़ेगी सजा”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेश में लिखा गया:
“जय श्री राम… आज जो दीपक खत्री (वकील) पर हमला हुआ है उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं… अगर तू नहीं सुधरा तो तेरी हरकतों की सजा तेरे पूरे परिवार को भुगतनी पड़ेगी… अभी भी समय है सुधर जा… नहीं तो अंजाम बुरा होगा।”
इस पोस्ट में फिरौती की सेटिंग, मुलाकातों में सूचना पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, गैंग ने अन्य लोगों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी लॉरेंस को “बदमाश” मानते हैं, वे समय रहते सुधर जाएं।
दिल्ली पुलिस की चुप्पी, जांच तेज
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हमले में घायल वकील की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अब कई एंगल से जांच कर रही है —
क्या सोशल मीडिया पोस्ट असली है?
पोस्ट करने वालों का आईपी एड्रेस क्या कहता है?
हमले में कौन सा हथियार इस्तेमाल हुआ?
इसके पीछे साजिश कितनी गहरी है?
जांच एजेंसियां अकाउंट्स की डिजिटल फॉरेंसिक जांच में जुट गई हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जिम्मेदारी लेने वाला दावा वास्तविक है या सिर्फ दहशत फैलाने की कोशिश।
क्या शुरू हो गई गैंगवार की नई पटकथा?
अंडरवर्ल्ड में अक्सर नाम सामने आने के लिए ऐसे हमलों की जिम्मेदारी ली जाती है। लेकिन इस बार मामला सीधे देश के चर्चित गैंगस्टर Lawrence Bishnoi से जुड़ा होने के कारण ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है।








